#विजयादशमी पर पुलिस लाइन कनावटी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ शस्त्र पूजन
विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन कनावटी, नीमच में शस्त्र पूजन समारोह श्रद्धा, उल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस विभाग के शस्त्रों का विधि-विधानपूर्वक पूजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
समारोह में #नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, #जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ विधिवत पूजन
विजयादशमी के अवसर पर पंडित श्री घनश्याम शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस विभाग के शस्त्रों का विधि-विधानपूर्वक पूजन कराया। भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में विजयादशमी को शक्ति, शौर्य और धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, साहस और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। समारोह में प्रदेश एवं जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को पुनः अभिव्यक्त किया गया।
पुलिस वाहनों का भी किया पूजन
शस्त्र पूजन के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस वाहनों का भी विधि-विधानपूर्वक पूजन किया। इस अवसर पर पुलिस बल के कर्तव्यों, सुरक्षा व्यवस्था तथा आमजन की सेवा के दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
जिले के थानों एवं चौकियों में भी हुए आयोजन
विजयादशमी के अवसर पर जिले के समस्त पुलिस थानों एवं पुलिस चौकियों में भी शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चन कर पर्व मनाया। इन आयोजनों के माध्यम से पुलिस बल ने नागरिकों की सुरक्षा, जिले में शांति बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#neemuch