जालौन: अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं मिली तो शव लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, कोंच बाईपास पर लगाया जाम
श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता खराब होने से नाराजगी, अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने खोला जाम
कोंच (जालौन)। जनपद जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के नगेपुरा गांव में श्मशान घाट और वहां तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। अंतिम संस्कार के लिए उचित जगह और रास्ते की व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार को शव लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने खेड़ा चौकी के सामने कोंच बाईपास पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और श्मशान घाट की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 38 वर्षीय पिंटू पुत्र रामप्रकाश की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान नहीं मिलने पर आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीण शव लेकर कोंच पहुंचे और बाईपास पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता बेहद खराब है। बारिश के दौरान रास्ते पर कीचड़ और पानी भर जाता है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए शव को ले जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान कराने की मांग की।
अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम: सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम कोंच और सीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। श्मशान घाट बनवाने का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।
फिलहाल ग्रामीणों को प्रशासन के आश्वासन पर अमल होने का इंतजार है। उनकी मांग है कि श्मशान घाट का निर्माण कराने के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्ते को भी दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Orai, Jalaun | Oct 16, 2026