मिशन शक्ति 6.0: सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित
एसपी जालौन सुरेश चंद्र रावत ने एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल और डिवाइन मर्सी की छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित
उरई (जालौन)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान मिशन शक्ति 6.0 के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। पुलिस कार्यालय उरई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल और डिवाइन मर्सी की छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं के उत्साह, प्रतिभा और उत्कृष्ट सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। सम्मान पाकर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सदानंद, मिशन शक्ति की प्रभारी उपनिरीक्षक पूनम, एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल एवं डिवाइन मर्सी की शिक्षिकाओं सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 16, 2026