*जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार ( भा०प्र०से) के निदेश के आलोक में लगातार राहत कार्य जारी है इसी क्रम में बाढ़ प्रभावित कोयली सिमरा पूरब पंचायत में स्वास्थ्य शिविर आयोजित: ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, बांटी गई दवाइयां*
बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित कोयली सिमरा पूरब पंचायत में विशेष स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं मलहम नि:शुल्क वितरित किए गए।
शिविर में मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ एवं जलजमाव के कारण वर्तमान में अधिकतर मरीज त्वचा संबंधी संक्रमण (स्किन डिजीज/फंगल इन्फेक्शन), सर्दी-खांसी (कफ-कोल्ड) एवं सामान्य बुखार की समस्या लेकर आ रहे हैं।
त्वचा रोगों से बचाव हेतु दिए गए महत्वपूर्ण परामर्श:
चिकित्सा दल द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जलजमाव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई:
* पैरों की सफाई: गंदे या बाढ़ के पानी के संपर्क में आने के बाद रात को सोते समय पैरों को साफ व गुनगुने पानी से अच्छी तरह धोएं और सूखे कपड़े से पोंछकर ही सोएं। पैरों के अंगूठों व उंगलियों के बीच नमी रहने से फंगल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
* दवा/मलहम लगाने का सही समय: त्वचा के संक्रमण हेतु दी जा रही दवा या मलहम को रात में सोते समय लगाने की सलाह दी गई, ताकि दवा को त्वचा में अवशोषित होने का पर्याप्त समय (2-3 घंटे) मिल सके। दिन के समय पानी के संपर्क में आने से दवा बह जाने पर इसका पूरा असर नहीं हो पाता है।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग निरंतर उनकी सेवा में तत्पर है और आगे भी नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। चिकित्सा दल ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर सरकारी चिकित्सकों से उचित परामर्श एवं दवा प्राप्त करें।
Purnia, Bihar | Sep 12, 2026