भरमौर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे ललित ठाकुर, जल्द दूर होंगी कमियां
सुपर स्पेशलिटी मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं, मुख्यमंत्री से उठाया जाएगा स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने वीरवार को नागरिक अस्पताल भरमौर का दौरा कर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएमओ भरमौर से अस्पताल में मशीनों, चिकित्सीय स्टाफ की कमी सहित अन्य आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
ललित ठाकुर ने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बातचीत की जाएगी, ताकि भरमौर क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
दौरे के बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह भरमौर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए जल्द ही एक सुपर स्पेशलिटी मेडिकल कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
इस दौरान ललित ठाकुर ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से जुड़े मुद्दों को समझना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करना उनका निरंतर प्रयास है।
इस अवसर पर TAC रवि शर्मा, TAC हेमराज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रह्मानंद ठाकुर, खनी पंचायत प्रधान हरनाम, राजपूत कल्याण बोर्ड सदस्य केसी, फल एवं किसान संघ अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, ग्राम पंचायत तुन्दा प्रधान पुरुषोत्तम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हितेश जरयाल एवं उनकी टीम सहित ठाकुर सिंह, सतीश, देवराज और अन्य लोग मौजूद रहे।
ललित ठाकुर ने कहा कि भरमौर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार और प्रशासन के समक्ष आवश्यक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।