प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक : 10 अक्टूबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
दुर्गापूजा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
• सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस एवं सीसीटीवी अनिवार्य, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
• विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात एवं विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा), 10 अक्टूबर 2026। दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सोशल मीडिया की निगरानी तथा मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, शांति समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन अनिवार्य
बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले के सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूजा समितियां निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करें तथा मूर्ति विसर्जन के लिए मार्ग एवं समय का पूर्व निर्धारण करते हुए संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें। रात्रि के समय पंडालों में तैनात स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया।
विधि-व्यवस्था एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश
सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित फ्लैग मार्च निकालने का निर्देश दिया गया। असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की निगरानी करने तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सतत निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अग्निशमन एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था
बैठक में स्पष्ट किया गया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पूजा पंडालों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा प्रसाद वितरण के दौरान भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। विद्युत तारों की सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मूर्ति विसर्जन स्थलों पर रोशनी, बैरिकेडिंग एवं गोताखोरों की तैनाती
मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। सभी निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विसर्जन के दौरान भीड़ एवं यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
शांति समिति के सदस्यों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में जिला शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न सुझाव दिए। सदस्यों ने भीड़ नियंत्रण, नियमित साफ-सफाई, सुचारु यातायात, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, पूजा पंडालों में पर्याप्त रोशनी तथा खुले विद्युत तारों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए रात्रि में ठहरने की व्यवस्था करने तथा प्रमुख स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर लगाने का सुझाव दिया गया। इसके अतिरिक्त उचक्कों, मनचलों एवं नशे की हालत में उत्पात करने वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखने, अफवाहों से बचने, ई-रिक्शा के कारण उत्पन्न जाम की समस्या का समाधान करने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों को आवागमन योग्य बनाने पर भी चर्चा हुई। प्राप्त सुझावों के आलोक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का संयुक्त संदेश
इस अवसर पर जिलाधिकारी सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी, पूजा समितियां, शांति समिति के सदस्य एवं आम नागरिक आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को दें। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती, फ्लैग मार्च, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आम नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ सहित जिला शांति समिति के सदस्यगण एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Police
Nalanda, Bihar | Oct 10, 2026