सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने पुलिस व भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप
हरदोई, 03 जून | द टेलीकास्ट न्यूज़
_____________________________
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने मंगलवार को सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में हरदोई पुलिस प्रशासन और कुछ भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 27 मई 2026 को उन्हें एक फर्जी मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि जिन धाराओं में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, उनमें गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने का प्रावधान नहीं था, इसके बावजूद उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि यदि ऐसा कोई मामला है तो संबंधित पक्ष सार्वजनिक रूप से उसका प्रमाण प्रस्तुत करे।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि 25 मई को उनकी ई-रिक्शा दुकान पर विजिलेंस और पुलिस की टीम जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन जांच में किसी प्रकार की बिजली चोरी नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। रामज्ञान गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने शहर में ई-रिक्शा, मैजिक और टेंपो चालकों से कथित अवैध वसूली का विरोध किया था, जिसके बाद से उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में दर्ज मुकदमों के बावजूद आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई।
सपा नेता ने दावा किया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक पत्र देकर अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता है और किसी भी अप्रिय घटना के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। प्रेसवार्ता में रामज्ञान गुप्ता ने प्रदेश सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई और बिजली दरों को लेकर भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का असर आम जनता पर पड़ रहा है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jun 3, 2026