“बेटी है तो भविष्य है, बेटी पढ़ेगी तो देश बढ़ेगा” — विद्यार्थियों को दिया बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा का संदेश
#betibachaobetipadao अभियान के तहत बाल अधिकार, लैंगिक समानता एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा संस्कार वैली पब्लिक स्कूल, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मुरैना में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालिका शिक्षा, सुरक्षा, बाल अधिकार, लैंगिक समानता तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ केवल एक शासकीय योजना या अभियान नहीं, बल्कि बालिकाओं को समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने की दिशा में समाज का सामूहिक संकल्प है। शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बेटी न केवल अपने परिवार को सशक्त बनाती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों में लैंगिक समानता, परस्पर सम्मान, संवेदनशीलता एवं समान अवसर की भावना विकसित करना तथा बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को ‘गुड टच’ एवं ‘बैड टच’ की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की असहज, अनुचित अथवा संदिग्ध स्थिति का सामना होने पर वे बिना झिझक अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। बाल संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।
बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि कम उम्र में विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। वन स्टॉप सेंटर में प्राप्त प्रकरणों के उदाहरणों के माध्यम से बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि संकट की स्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यकतानुसार परामर्श, आश्रय एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी समस्या अथवा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री राठौर, शिक्षकगण तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक अपूर्वा चौधरी एवं रानू रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने, बाल विवाह जैसी कुरीतियों का विरोध करने तथा बेटियों के प्रति सकारात्मक, समानतापूर्ण एवं सम्मानजनक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh
441 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026