जनजातीय गौरव सप्ताह को लेकर भाजपा का प्रदेशव्यापी आयोजन, 11 से 20 नवंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
राज्य मंत्री राधा सिंह ने पत्रकार वार्ता कर दी जानकारी, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होगा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम
सिंगरौली :-जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास,समृद्ध संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 20 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी सिलसिले में भाजपा जिला कार्यालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष समर बहादुर सिंह उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में सांस्कृतिक रैलियां, जनजागरण कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन, विद्यालयों में विशेष आयोजन और जनजातीय गौरव चौपाल सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और देश की आजादी में उनके योगदान को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
राज्य मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनजातीय गौरव सप्ताह के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है