अनुगूंज से उद्घोष: श्रवण एवं वाक बाधित बच्चों ने जाने अपने कानूनी अधिकार
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेंद्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में नालसा शिक्षा स्कीम 2026 के अंतर्गत "अनुगूंज से उद्घोष" विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सदस्य सचिव सुश्री सुमन श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने मूकबधिर बच्चों एवं व्यक्तियों को उनके कानूनी अधिकार, न्याय तक पहुँच, बधिर शिक्षा, सुगम्यता, समावेशन सहायता सेवाओं, शासकीय योजनाओं, संचार सुविधा तथा बधिर व्यक्तियों से जुड़े अन्य मुद्दों की जानकारी दी।
जबलपुर से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एडीआर भवन, शिवपुरी के सभाकक्ष में किया गया, जहाँ मूकबधिर छात्रों एवं व्यक्तियों ने श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की उपस्थिति में इसे देखा। कार्यक्रम में भावनात्मक कल्याण, कला एवं रचनात्मक अवसर, करियर मार्गदर्शन तथा भविष्य की तैयारी के बारे में भी जानकारी दी गई।
श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की भूमिका कार्यक्रम में विशेष रही। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे संवाद किया और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उनका उत्साह बढ़ाया। उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों को ड्राइंग नोटबुक वितरित की गईं, जिन पर उन्होंने चित्र बनाकर अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया तथा अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। इसके साथ ही बच्चों ने गीत गाए और ढोलक बजाई। इस सामूहिक गतिविधि में बच्चों में खुशी, आत्मविश्वास और आपसी जुड़ाव की भावना दिखाई दी।
इसके बाद शाम 5 बजे म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर से मुख्य न्यायाधिपति एवं कार्यपालक अध्यक्ष ने विशेष सत्र की अध्यक्षता की, जिसमें शिवपुरी जिला मुख्यालय से समस्त न्यायिक अधिकारीगण सम्मिलित हुए।
#shivpuri
Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026