मिशन शक्ति के अंतर्गत पिंक समाधान दिवस का आयोजन, 116 शिकायतें प्राप्त, 14 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरतने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत तहसील सभागार राजापुर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में चकरोड, आवासीय भूमि, विद्युत, चकबंदी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इस दौरान कुल 116 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता एवं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की जाती है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह माननीय मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शामिल है। अतः संबंधित अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही शिकायतकर्ता से प्राप्त फीडबैक पर भी विशेष ध्यान दें।
उन्होंने न्यायालयों में लंबित वादों से संबंधित उन पत्रावलियों, जिनमें आदेश पारित हो चुके हैं, पर शीघ्र परवाना जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परवाना जारी करने में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पेशकार या लिपिक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने महिला संबंधी शिकायतों एवं प्रकरणों को विशेष गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजापुर पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मनोहर लाल वर्धन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।