एडीएम ने किया मतदाता विशेष अभियान का निरीक्षण
महिला मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
बूथों पर न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश, पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर दिया बल
मऊ (चित्रकूट)। मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र-237 में शनिवार को मतदाता सूची के विशेष अभियान का अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने निरीक्षण किया। उन्होंने महामति प्राणनाथ महाविद्यालय मऊ और ग्राम पंचायत हटवा स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी राम ऋषि रमन भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाएं। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम व अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
एडीएम ने मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और जेंडर रेशियो में सुधार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बीएलओ और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने बूथों पर निर्वाचन संबंधी न्यूनतम आधारभूत सुविधाएं (एएमएफ) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बूथों पर किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा सकें।
प्रशासन के अनुसार, 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस के अवसर पर बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। मतदाता इन तिथियों में अपने बूथ पर पहुंचकर नया नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में संशोधन कराने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।