गोवर्धन पूजा पर बाटोदा क्षेत्र में छाई भक्ति की बयार, घर-घर में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
बाटोदा ।क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। घरों में महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर आकर्षक रूप से सजाया तथा विधि-विधान के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की।
इस दौरान महिलाओं ने भगवान गोवर्धन को तिलक लगाकर पुष्प, दीपक, धूप एवं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का भोग लगाया। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन भगवान की परिक्रमा कर परिवार में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा के साथ उत्तम फसल की कामना की। कई घरों में परिवार के सभी सदस्यों ने एकत्रित होकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार के पकवान एवं व्यंजन तैयार कर भगवान को अर्पित किए। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और अन्न के महत्व का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की स्मृति में मनाए जाने वाले इस पर्व पर क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
Gangapur, Sawai Madhopur | Nov 10, 2026