नहर विभाग की साठगांठ से बिना टेंडर बेची जा रही मिट्टी, अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियावन-टांडा रोड पर स्थित नहर के पुल के पास नहर खुदाई से निकली मिट्टी के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, नहर विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत से बिना किसी वैध टेंडर प्रक्रिया के नहर की मिट्टी को धड़ल्ले से बेचने का काम किया जा रहा है। बरसात के इस मौसम में मिट्टी की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर इसे महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
सेटिंग के खेल का हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब कुछ पत्रकारों ने विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी चाही, तो जिम्मेदार अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोल-मोल बातें करके मामला टालने का प्रयास किया। वहीं दूसरी ओर, मिट्टी का खनन व बिक्री करने में जुटे एक व्यक्ति ने अधिकारियों के साथ चल रही 'सेटिंग' की बात खुद कुबूल की, जिससे पूरे तंत्र की पोल खुल गई है।
जांच और कार्रवाई की मांग
बिना किसी सरकारी प्रक्रिया और टेंडर के हो रहे इस अवैध खनन व बिक्री से जहां एक ओर सरकारी राजस्व को चूना लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों में अधिकारियों की इस शह पर भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों व मिट्टी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Sep 11, 2026