बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने और नियमित टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू किया है।
इसी क्रम में टीकाकरण जागरुकता रथ को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चित्रकूट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर अभिभावकों को बच्चों के पूर्ण टीकाकरण के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के जरिए उन परिवारों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जाएगा. जहां जानकारी के अभाव या किसी तरह की आशंका के चलते बच्चों को ममय पर टीके नहीं लग पाते हैं।
टीकाकरण को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी बताते हुए स्वास्थ्य विभाग लोगों को इसके लाभ समझाएगा। अभियान के दौरान अभिभावकों से बच्चों को निर्धारित समय पर सभी जरूरी टीके लगवाने की अपील की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी जाएगीए ताकि मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी, पोलियो और खसरा जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव में टीकाकरण की अहम भूमिका है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जागरूकता के अभाव में कोई भी बच्चा टीकों से वंचित न रहे। रथ के माध्यम से लोगों को नियमित टीकाकरण को लेकर भरोसा बढ़ाया जाएगा।
डा० महेन्द्र कुमार त्रिपाठी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क कर अपने बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लें और निर्धारित समय पर सभी जरूरी टीके लगवाएं।
Manikpur, Chitrakoot | Oct 23, 2026