जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में पोठिया प्रखंड के कोल्था पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित
श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज एवं श्री संतोष कुमार, पुलिस अधीक्षक, किशनगंज की संयुक्त अध्यक्षता में पोठिया प्रखंड अंतर्गत कोल्था पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान कोल्था पंचायत में कुल 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निष्पादन कर दिया गया। इनमें 45 आवेदन राजस्व (रेवेन्यू) विभाग से संबंधित थे, जबकि शेष आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित थे। वहीं, आज के शिविर में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 27 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन देने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा नशामुक्ति अभियान, अवैध मादक पदार्थों के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों, गोपनीय शिकायतों के आधार पर की जा रही कार्रवाई तथा थाना स्तर पर चलाए जा रहे छापेमारी अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं सतत संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, पोठिया को कोल्था पंचायत सरकार भवन की चारदीवारी में हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। साथ ही, आमजनों द्वारा प्राप्त रास्ता एवं नदी कटाव से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को पत्र भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोठिया को निर्देशित किया कि सभी कार्यपालक सहायक पंचायत सरकार भवन में नियमित रूप से बैठकर आरटीपीएस से संबंधित सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
सहयोग शिविर में शामिल होने से पूर्व जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पोठिया स्थित प्रस्तावित Central Industrial Security Force (CISF) भूमि का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन 22 लाभुकों का बंदोबस्ती पर्चा स्वीकृत हो चुका है, उन्हें शीघ्र पर्चा वितरित करते हुए संबंधित भूमि पर आवास स्थापित करने हेतु प्रेरित किया जाए। साथ ही संबंधित भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रस्तावित सीआईएसएफ निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सहयोग शिविर को आमजन के लिए प्रभावी जनसेवा मंच के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया