शाहपुर से 85 से अधिक कांवरियों का जत्था अरेराज रवाना
शिवहर। शिवहर प्रखंड के माधोपुर अनंत पंचायत के शाहपुर गांव से सोमवार को 85 से अधिक कांवरियों का जत्था पूर्वी चंपारण के अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुआ।
कांवरियों ने पुरानी बागमती नदी शाहपुर घाट से गंगाजल भरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद ट्रैक्टर पर सवार होकर महिलाएं, बुजुर्ग और युवा कांवरिया बाबा सोमेश्वर नाथ के जयकारे और ‘बोल बम’ के नारों के साथ रवाना हुए।
जत्था हनुमान नगर, मथुरापुर बाजार, एनएच-227, पहाड़पुर और मधुबन होते हुए अरेराज पहुंचेगा, जहां बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। कांवरियों की रवानगी के दौरान शाहपुर गांव में श्रद्धालुओं ने दोनों ओर से जयकारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
ग्रामीणों के सहयोग से हर वर्ष इस तरह कांवरियों का जत्था अरेराज के लिए रवाना होता है। इस अवसर पर नथुनी कुमार निषाद, अमित रंजन, संजय गिरी, अरुण कुमार, फुलगेन ठाकुर, सुकदेव प्रसाद, कैलाश पंडित, रघुनाथ सहनी, पितांबर सहनी, रामचंद्र महतो, रविंद्र सहनी, प्रमोद पासवान, भरत सहनी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।