दिनांक : 22.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर
“स्वच्छता ही सेवा-2026” के तहत देकुली धाम में चला विशेष स्वच्छता अभियान
बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित तालाब की आम नागरिकों, ग्रामीणों एवं स्वच्छता कर्मियों ने की सामूहिक साफ-सफाई
जनभागीदारी से स्वच्छ एवं सुंदर शिवहर बनाने का दिया गया संदेश
शिवहर। “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को पिपराही प्रखंड अंतर्गत परसौनी बैज पंचायत स्थित प्रसिद्ध बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर, देकुली धाम के तालाब एवं आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों, ग्रामीणों तथा नगर एवं क्षेत्र के स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर एवं तालाब के आसपास एकत्रित कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, सूखे पत्ते एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
देकुली धाम शिवहर जिले का एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक नियमित रूप से आते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना न केवल प्रशासन एवं स्वच्छता कर्मियों की जिम्मेदारी है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी आवश्यक है। इसी भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से “स्वच्छता ही सेवा-2026” के तहत जनभागीदारी आधारित स्वच्छता गतिविधियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि धार्मिक स्थलों, तालाबों, सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण करें तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में नियमित रूप से सहयोग करें। विशेष रूप से जलस्रोतों एवं तालाबों को प्रदूषण मुक्त बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक स्वास्थ्य दोनों की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक आदत एवं सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता कर्मियों द्वारा भी तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।
“स्वच्छता ही सेवा-2026” का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों में स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाना तथा “स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी” की भावना को मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से जिले के सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, जलस्रोतों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अपने घर, मोहल्ले, गांव, बाजार अन्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं, निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें तथा स्वच्छता कर्मियों को सहयोग प्रदान करें।
स्वच्छ शिवहर के निर्माण के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनसहयोग से ही स्वच्छता अभियान को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
स्वच्छता ही सेवा — स्वच्छता में जनभागीदारी, स्वच्छ शिवहर की जिम्मेदारी।
Sheohar, Bihar | Sep 22, 2026