शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मोहर्रम, फुटेरा तालाब सहित विभिन्न तालाबों में ठंडे हुए ताजिए; एसपी ने चल समारोह में स्वयं संभाला पुलिस बल के साथ मोर्चा
दमोह शहर में मोहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे तक ताजियों व चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला, जिसके बाद पुरैना तालाब, फुटेरा तालाब सहित विभिन्न जलाशयों में ताजियों का विसर्जन (ठंडा) किया गया। पुरैना तालाब का पानी साफ नहीं होने के कारण कुछ ताजियों को नरसिंहगढ़ नदी ले जाकर ठंडा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा तथा एसडीआरएफ की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रही।
मोहर्रम का मुख्य आयोजन घंटाघर क्षेत्र में हुआ, जहां अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। गढ़ी मोहल्ला, पठानी मोहल्ला, गाड़ी खाना सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकले ताजिए शहर भ्रमण करते हुए निर्धारित मार्गों से पुरैना तालाब पहुंचे। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। एसपी आनंद कलादगी स्वयं पुलिस बल के साथ देर रात तक मुख्य मार्गों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
इस दौरान मुख्य रूप से एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम सौरभ गंधर्व, सीएसपी एचआर पांडे, तहसीलदार रॉबिन जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, राजस्व अमला, विद्युत विभाग और भारी पुलिस बल तैनात रहा। विसर्जन के बाद सभी श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए।
Damoh, Damoh | Jun 27, 2026