माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बांका जिला अंतर्गत प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां तेलडीहा मंदिर में विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की मंगल कामना की।
माननीय मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और मुस्तैद रहा। सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन हेतु जिला पदाधिकारी बांका श्री अंशुल अग्रवाल (भा०प्र०से०) तथा पुलिस अधीक्षक श्री अमितेश कुमार (भा०पु०से०) स्वयं स्थल पर उपस्थित रहकर सभी व्यवस्थाओं की कमान संभालते नजर आए।
जिलाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमितेश कुमार ने पूरे मंदिर परिसर, कारकेड रूट तथा सुरक्षा घेरे का स्वयं मुआयना किया और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास द्वारों तथा मुख्य संपर्क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
आम श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सुव्यवस्थित बैरिकेडिंग, पार्किंग और कतारबद्ध दर्शन की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
176 views | Banka, Bihar | Oct 20, 2026