मध्यप्रदेश पुलिस का ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान का शुभारंभ
एसएसपी ग्वालियर ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर साइबर सुरक्षा अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का किया शुभारंभ
ग्वालियर। 24.06.2026 पुलिस महानिदेशक महोदय मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना (भापुसे) के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ का आयोजन दिनांक 24 जून 2026 से 08 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार आज ग्वालियर जिले में ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम परिसर से साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह साइबर जागरूकता रथ आगामी 15 दिनों तक शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेगा तथा साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित करेगा। कार्यक्रम में अभियान के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर, अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर, समस्त सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारीगण एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जनसंवाद कार्यक्रम, साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जागरूकता अभियान, जागरूकता रैलियां, बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्मों का प्रदर्शन तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं में विशेष कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान के अंतर्गत पुलिस थानों, चौकियों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संबंधी बैनर एवं पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
*एसएसपी ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*- साइबर जागरूकता रथ को रवाना करने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह ने जिले के समस्त थाना प्रभारियों की बैठक लेकर ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के सफल संचालन हेतु निर्देश दिये। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाना एवं अनुभाग स्तर पर अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थित विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों एवं ग्राम पंचायतों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि थाना एवं चौकी स्तर पर जागरूकता संबंधी बैनर, स्टैंडी एवं प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जाए तथा आमजन को पम्पलेट वितरित कर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से जनचौपाल आयोजित कर नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर अभियान की विभिन्न गतिविधियों के लिए अलग-अलग दायित्व निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे अभियान को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जा सके।
*साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस* - अभियान के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश संबंधी धोखाधड़ी, डेटा चोरी, साइबर बुलिंग, हैकिंग, पहचान चोरी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त नागरिकों को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने हेतु राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
ग्वालियर पुलिस की जिले के समस्त नागरिकों से अपील है कि वह इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें, साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यक्रमों में शामिल हों तथा स्वयं जागरूक बनकर अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने में सहयोग करें। #mppolice