वनग्रामों में लगेंगे विशेष कैंप, शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं, लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की
डिंडौरी जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के साथ वनग्रामों में आयोजित होने वाले विशेष कैंप में प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभागवार योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दिन जिले के 11 वनग्रामों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं और वहां आने वाले हितग्राहियों की शिकायतों तथा विभागीय लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन में देरी पर कलेक्टर सख्त
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग प्रमुख अपने-अपने स्तर पर शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाएं।
जलभराव और आवास संबंधी समस्याओं पर भी निर्देश
कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। जहां पानी जमा है, वहां तत्काल निकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान किया जाए।
अग्रणी बैंक प्रबंधक को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत राशि एवं सब्सिडी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
फार्मर आईडी और ई-केवाईसी पर विशेष जोर
बैठक में किसानों की ई-केवाईसी और फार्मर आईडी तैयार करने के कार्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी और ई-केवाईसी पूरी होने से पात्र किसानों को कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शहपुरा में जन विश्वास अभियान की तैयारियों पर भी जोर
कलेक्टर ने बताया कि आगामी जन विश्वास अभियान विकासखंड शहपुरा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों से पहले विभाग अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण करें और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की पूरी तैयारी रखें।
कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। इसका उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि आमजन की शिकायतों का समाधान और योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
#DindoriNews
#JanVishwasAbhiyan
#CollectorDindori
#CMHelpline
#MadhyaPradeshNews