छपरा में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 2277 विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएँ, सुझाव और जिज्ञासाएँ पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर माह के चतुर्थ मंगलवार को आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।
शिविर में सबसे प्रमुख रूप से सब्जेक्ट वाइज शिक्षकों की उपलब्धता, विषयवार कक्षाओं के संचालन और शिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याएँ सामने आईं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की उपलब्धता और पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करने को लेकर कई सुझाव भी दिए।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को दर्ज कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि विद्यार्थियों से मिले फीडबैक के आधार पर शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक सुधार और छात्रहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।
Chapra, Saran | Aug 25, 2026