राजस्व संबंधी प्रकरणों का निपटारा समय सीमा में करें राजस्व अधिकारी-कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित
--
जिले के समस्त राजस्व अधिकारी राजस्व संबंधी कार्यो को गंभीरता से लेकर प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करें। जिससे आमजन को राजस्व संबंधी सेवाएं समय सीमा में प्राप्त हो सके। यह निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों को राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में राजस्व संबंधी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सेवाएं का त्वरित निराकरण करने पर अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी निराकृत प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए। उन्होंने नामांतरण,सीमांकन,राजस्व रिकॉर्ड सुधार के प्रकरण की तहसीलवार समीक्षा कर प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों के दौरान फार्मर आईडी बनाये जाने का डेटा तैयार किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली 2026-27 की प्रगति की समीक्षा कर राजस्व वसूली बढाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलवार सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित तहसीलदार शिकायतों का निराकरण कर ए ग्रेड में आना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र हितग्राहियों की ई-केवायसी का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि खरीफ गिरदावरी का कार्य समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने भू-अर्जन,सिविट सूट के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर जानकारी अपडेट रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि खण्ड स्तरीय समीक्षा बैठकें निरंतर आयोजित की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों का निराकरण,केन्द्रीय मंत्री की जनसुनवाई के आवेदनों,जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदनों पर प्राप्त कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाईन एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण करने पर राजस्व अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन,श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,समस्त एसडीएम,तहसीलदार,नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।