दुर्गा पूजा एवं रावण वध कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
भागलपुर, दिनांक 13 अक्टूबर 2026:- दुर्गा पूजा एवं रावण वध कार्यक्रम के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी महोदया द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थलों तथा रावण वध कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान तिलकामांझी चौक, आदमपुर स्थित दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थल, दीपप्रभा टॉकीज, मसाकचक, मंदरोजा चौक, बूढ़ानाथ एवं नरगा चौक सहित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया गया। इसके पश्चात सीटीएस ग्राउंड में आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। साथ ही पारबती चौक स्थित दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थल, स्टेशन, लोहिया पुल, खलीफाबाग रोड, घंटाघर, मारवाड़ी पाठशाला, कचहरी चौक एवं तिलकामांझी स्थित दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थल पर भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी महोदया ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा स्थलों एवं कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने एवं अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी महोदया ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा एवं रावण वध कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, ओएसडी अंकिता सहित अन्य वरीय एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
#CMSamrat
#samratchoudhary
25 views | Bhagalpur, Bihar | Oct 13, 2026