कर्णप्रयाग में बंदरों के आतंक से निजात के लिए अभियान, एक सप्ताह में 100 से अधिक बंदर पकड़े
कर्णप्रयाग। उत्तराखंड के शहरों से लेकर गांवों तक बंदर और लंगूरों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बंदरों के हमलों से कई लोग घायल हो चुके हैं। ऐसे में लोगों की समस्या को देखते हुए नगर पालिका कर्णप्रयाग ने बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह के नेतृत्व में बीते एक सप्ताह से अधिक समय से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बंदरों को पकड़ने का अभियान चल रहा है। इसके लिए मथुरा से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, जो पिंजरों की मदद से बंदरों को पकड़ रही है। नगर पालिका परिषद के सभी वार्डों में अभियान लगातार जारी है।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने बताया कि नगर क्षेत्र में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बंदरों के आतंक से परेशान थे। लोगों की समस्या को देखते हुए बोर्ड बैठक में बंदरों को पकड़कर उन्हें अन्य स्थान पर भेजने का निर्णय लिया गया। अभियान के तहत अब तक विभिन्न वार्डों से 100 से अधिक बंदर पकड़े जा चुके हैं, जबकि इस चरण में 150 बंदरों को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर पालिका का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों को राहत दिलाना और नगर क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।