पराली जलाने से रोकने के लिऐ ग्रामों, क्षेत्रों का आकस्मिक भ्रमण
बगैर एसएमएस कटर मशीन के संचालित हार्वेस्टर संचालको पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जिले में पराली प्रबंधन के लिए जागरूकता सहित विभिन्न प्रकार के कारगर उपाय सुनिश्चित किये जा रहे है, इसी क्रम में आज एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीना द्वारा उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह सहित राजस्व एवं कृषि अमले के साथ पराली जलाने के प्रति किसानों को जागरूक करने और पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम के संबंध में श्योपुर तहसील के सोईकलां, बगडुआ, चौपना, टेकना, बालापुरा, मेवाडा ग्रामों के क्षेत्रों का आकस्मिक भ्रमण किया गया।
एसडीएम श्री गगन सिंह मीना द्वारा भ्रमण के दौरान ग्राम चौपना, मेवाडा एवं नंदापुर में कंबाईन हार्वेस्ट्रर बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एस.एम.एस.) के चलते हुए पाये जाने पर हार्वेस्टर संचालको पर मानपुर एवं देहात थाना पुलिस को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इस दौरान उपस्थित कृषकों को समझाइश दी गई कि पराली न जलायें और उसका उपयोग खेत के अंदर एवं खेत के बाहर बेहतर प्रबंधन के माध्यम से किया जायें। पराली जलाने से वायु प्रदूषण के साथ-साथ मिट्टी में उपस्थित मित्र कीट जीवाणु और उर्वरा शक्ति नष्ट होती है, जिससे भूमि बंजर होने की संभावना बनी रहती है।
पराली प्रबंधन के तहत कृषि विस्तार अधिकारी एवं पटवारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर कृषक संगोष्ठियां कर रहे है और कंबाईन हार्वेस्टर का सत्यापन कार्य भी किया जा रहा है।
श्योपुर विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि निरंतर फील्ड में समस्त कृषि विस्तार अधिकारी एवं पटवारी अलर्ट मोड में रहकर भ्रमण करेंगे और किसानों को समझाईश देंगे कि किसान भाई धान की पराली को न जलाएं। जहां काली मिट्टी है, वहां पर बेलर, हैरेक, स्लेशर, स्ट्रा रीपर, मल्चर, जीरोट्रिल सीडड्रिल का उपयोग करें और जहां पर पीली, दुमट मिट्टी है, वहां पर हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, रोटावेटर आदि का उपयोग करके पराली प्रबंधन कर सकते है।
किसान भाईयों से अपील है कि पराली नही जलाएं पर्यावरण बचाएं और जमीन को बंजर होने से भी बचाएं। यदि किसी किसान भाई को पराली के संबंध में अपना सुझाव देना हो तो कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष क्र.99 में स्थापित कंट्रोल रूम का फोन नं. 07530-222631 पर अपना सुझाव दे सकते है और संबंधित राजस्व, कृषि अधिकारी से संपर्क करते है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026