जन्मदिन की पार्टी में बंदूक लेकर छत पर चढ़ा युवक, हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा...
ग्वालियर के मोहना थाना क्षेत्र के दौरार गांव में जन्मदिन की खुशी में की गई हर्ष फायरिंग ने बर्थडे बॉय और उसके ताऊ को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। रोहित के जन्मदिन पर घर में पार्टी चल रही थी, तभी उसके ताऊ हरचरण जाटव अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर पहुंचे। हथियार देखकर रोहित ने बंदूक ताऊ से ली और छत पर पहुंचकर हवाई फायर कर दिया। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक जब्त कर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। अब हथियार का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।