ग्वालियर में बढ़ा सर्पदंश का खतरा: कोबरा ने डसा तो जहरीले सांप को लेकर खुद अस्पताल पहुंचा...
ग्वालियर में बारिश के बाद सांपों का खतरा बढ़ता जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच मऊ गांव का एक सपेरा जहरीले कोबरा के डसने के बाद उसे बक्से में बंद कर खुद जयारोग्य अस्पताल पहुंच गया। वह सितावलीपुर में सांप पकड़ने गया था, तभी कोबरा ने उसे डस लिया। इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। सपेरे का कहना है कि उसने काटे गए स्थान पर चाकू से हल्का चीरा लगाकर खून निकाल दिया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब डेढ़ महीने में ग्वालियर अंचल में 200 से ज्यादा सर्पदंश के मामले सामने आए हैं, जिनमें 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।