उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने समाधान शिविर में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गड़डा भोज के पुराने रास्ते की होगी मरम्मत, गलत बिजली बिल की एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
पंचकूला, 12 नवंबर : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने गांव गड़डा भोज, पोंटा, मोरनी में पुराने रास्ते की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में गांव गड़डा निवासी ने शिकायत दी कि गांव का पुराना रास्ता बरसात के दौरान जगह-जगह लैंडस्लाइड होने के कारण संकरा हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर उपायुक्त ने डीएफओ मोरनी को मौके का निरीक्षण कर रास्ते की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
इसी प्रकार, कालका के टगरा कलीराम निवासी ने रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे कबाड़ विक्रेता और खुले में कबाड़ जलाने से उत्पन्न हो रही परेशानी की शिकायत रखी। इस पर उपायुक्त ने एसएचओ कालका तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खंड कालका के गांव रामनगर खोली निवासी द्वारा बिजली बिल में किसी अन्य उपभोक्ता की राशि जोड़ने की शिकायत पर उपायुक्त ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को मामले की जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं, गांधी लाइब्रेरी कालका में पिछले चार-पांच दिनों से पानी की टंकी खराब होने के कारण शौचालयों की साफ-सफाई में आ रही दिक्कत का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नगर परिषद कालका के कार्यकारी अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर पानी की टंकी की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि वहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा में उसका निवारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर नगराधीश जागृति, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार सहित शिक्षा, पुलिस, वन, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिंचाई, स्वास्थ्य, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Panchkula, Panchkula | Nov 12, 2026