डीसीपी अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग: अपराधियों पर सख्ती और आमजन के लिए सुरक्षा का रोडमैप तैयार, जमानत पर बाहर 1126 अपराधियों पर लगातार निगरानी, लंबित मामलों व शिकायतों के निपटान पर विशेष जोर
थाना-चौकियों में खड़े 301 लावारिश वाहनों की कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद होगी नीलामी, फरार भगौड़ों की गिरफ्तारी के लिए एकजुट होकर काम करेंगी टीमें
404 बिछड़े लोगों को परिवारों से मिलवाकर पुलिस ने निभाई मानवीय जिम्मेदारी, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पंचकूला/ 11 नवंबर :- पंचकूला को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा तैयार की गई रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पंचकूला पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में डीसीपी अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में सभी एसीपी, थाना प्रभारी, क्राइम यूनिट्स इंचार्ज, चौकी प्रभारी तथा विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, शिकायतों, कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने पुलिस कमिश्नर द्वारा निर्धारित सुरक्षित जिला रणनीति के प्रमुख बिंदुओं पर सभी अधिकारियों को गंभीरता से अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। इसी दिशा में पंचकूला के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बीट सिस्टम को मजबूत किया गया है। अब प्रत्येक गांव और निर्धारित क्षेत्र में एक एएसआई तथा एक सिपाही रैंक के कर्मचारी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित कर्मचारी अपने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों, सत्यापन और अन्य गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते मिल सके।
बैठक में थानों में लंबित आपराधिक मामलों और विभिन्न पुलिस इकाइयों में पेंडिंग शिकायतों की भी समीक्षा की गई। डीसीपी ने निर्देश दिए कि सीएम विंडो सहित विभिन्न पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जाए। शिकायतकर्ताओं को उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, ईआरवी और पीसीआर पर तैनात कर्मचारियों को हर समय अलर्ट रहने तथा किसी भी आपात सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
फरार भगोड़ों और घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अब क्राइम यूनिट्स, पीओ स्टाफ तथा संबंधित थानों और चौकियों की टीमें आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करेंगी। इसके अतिरिक्त जिले में जमानत पर बाहर चल रहे 1126 अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें गंभीर एवं जघन्य अपराधों में शामिल आरोपी भी हैं। पुलिस आधुनिक तकनीक के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से उनके पते पर पहुंचकर सत्यापन कर रही है, ताकि जमानत पर बाहर आने के बाद कोई आरोपी दोबारा आपराधिक वारदात को अंजाम न दे सके।
पुलिस परिसरों में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों के निस्तारण के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कानूनी प्रक्रिया के तहत 301 लावारिस वाहनों की नीलामी की जाएगी। इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट, नंबर प्लेट हटाकर चलने वाले तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर इंपाउंड किया जा रहा है।
बैठक में पंचकूला पुलिस के मानवीय प्रयासों की भी सराहना की गई। इस वर्ष पुलिस की विभिन्न टीमों ने 404 ऐसे लोगों को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया है, जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गए थे। डीसीपी ने संबंधित कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आमजन से अपील की कि किसी व्यक्ति या बच्चे के लापता होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि बिना देरी तलाश शुरू की जा सके।
इसके अलावा सभी एसीपी, थाना प्रभारियों, क्राइम यूनिट्स इंचार्ज और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि सुरक्षित पंचकूला के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी पुलिस इकाइयों को एकजुट होकर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में आपराधिक गतिविधियों में गिरावट दर्ज हुई है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय, सतर्क और जवाबदेह रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित पंचकूला के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।