शहीद दिवस पर कैप्टन रोहित कौशल को भावभीनी श्रद्धांजलि
युवाओं और मातृशक्ति की सशक्त भूमिका ही राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कुंजी है-मेयर शाम लाल बंसल
पंचकूला, 11 नवंबर : शहीद कैप्टन रोहित कौशल, सेना मेडल (शौर्य) का 31वां शहीदी दिवस आज जालौली, पंचकूला स्थित उनके स्मारक पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। 18 पंजाब रेजिमेंट एवं 12 राष्ट्रीय राइफल्स में सेवारत कैप्टन रोहित कौशल ने 11 नवंबर, 1995 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने एवं श्रद्धांजलि देने का नेतृत्व पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने किया। इस अवसर पर भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों के साथ स्थानीय पार्षद रोहित चैधरी, जिला सैनिक बोर्ड के हरिंदर सिंह, 18 पंजाब रेजिमेंट के जेसीओ अमरदीप सिंह तथा शहीद कैप्टन रोहित कौशल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जालौली की प्रिंसिपल पुष्पा देवी ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कैप्टन रोहित की माता वीणा शर्मा तथा उनकी बहनों अपर्णा और शुभा ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत एवं भाई को नमन किया। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ द्वारा शहीद कैप्टन रोहित के जीवन और बलिदान पर आधारित एक स्मृति प्रस्तुति भी दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने कहा कि राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में युवाओं की सशक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों को उचित संस्कार देने में अभिभावकों, विशेषकर माताओं के योगदान को भी निर्णायक बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करें और अपनी सोच एवं क्षमताओं को राष्ट्रहित में उपयोगी बनाने का संकल्प लें। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार देश के लिए योगदान देने का प्रयास करना चाहिए।
शहीद कैप्टन रोहित कौशल ट्रस्ट के संरक्षक विनोद वशिष्ठ ने कहा कि शहीद की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह पिछले 31 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन रक्षा सेवाओं की सभी शाखाओं, अर्धसैनिक बलों, राज्य प्रशासन, नगर निगम पंचकूला, सामाजिक संगठनों तथा आम जनता के सक्रिय सहयोग और समर्थन का परिणाम है।
5 अगस्त, 1968 को अंबाला छावनी में जन्मे रोहित कौशल, वीणा शर्मा और एस.एस. कौशल के इकलौते पुत्र थे। कैप्टन रोहित सदैव अपने सैनिकों का नेतृत्व करते हुए आतंकवाद और उग्रवाद के विरुद्ध अभियानों में अग्रिम मोर्चे पर डटे रहते थे। उनका विवाह 27 नवंबर, 1995 को होना निर्धारित था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
10 और 11 नवंबर, 1995 की दरम्यानी रात कैप्टन रोहित अपने सैनिक दल के साथ आतंकवादियों के ठिकानों पर धावा बोलने पहुंचे। डोडा जिले के गंडोह क्षेत्र में हुई भीषण मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया। इस संघर्ष में उनके सीने और गर्दन पर गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक रक्तस्राव के बावजूद उन्होंने मोर्चा नहीं छोड़ा तथा लगातार जवाबी फायरिंग करते हुए दो आतंकवादियों को बुरी तरह घायल कर दिया। अंततः मातृभूमि की रक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
शहीद कैप्टन रोहित कौशल के सर्वोच्च बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए हरियाणा सरकार और शहीद परिवार ने संयुक्त रूप से उनके पैतृक गांव जालौली में स्मारक का निर्माण करवाया। वर्ष 1997 में हरियाणा के तत्कालीन राज्यपाल श्री महावीर प्रसाद ने इस स्मारक का अनावरण किया था। राज्य सरकार ने जालौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नामकरण शहीद कैप्टन रोहित कौशल के नाम पर किया है। इसके अतिरिक्त, पंचकूला के सेक्टर-12 में जिला सैनिक भवन की ओर जाने वाली सड़क का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। नगर निगम पंचकूला ने जालौली स्थित सामुदायिक केंद्र और सार्वजनिक पार्क को भी शहीद के नाम समर्पित किया है।
कैप्टन रोहित कौशल की स्मृति देश के विभिन्न महत्वपूर्ण शहीद स्मारकों में भी संजोई गई है। इनमें नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (इंडिया गेट), चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित शहीद स्मारक, सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज की शहीद गैलरी, सेक्टर-33 स्थित टेरेस्ड गार्डन का शहीद स्तंभ तथा पंचकूला के सेक्टर-12 स्थित युद्ध स्मारक शामिल हैं।
भारत सरकार ने उनके अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देते हुए उन्हें मरणोपरांत वीरता पुरस्कार सेना मेडल से अलंकृत किया था।
इस अवसर पर गुरु राम राय स्पोर्ट्स क्लब, जालौली द्वारा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला तथा महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा समिति के सहयोग से शहीद स्मारक परिसर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।