समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 16 अक्टूबर 2026
राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर में रबी किसान गोष्ठी का आयोजन, 75 महिला किसानों ने लिया भाग
वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं महिला कृषकों के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर द्वारा “कृषि चुनौतियाँ—वैज्ञानिक एवं तकनीकी समाधान” विषय पर रबी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, प्राकृतिक खेती, फसल सुरक्षा एवं बागवानी संबंधी वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा कृषि क्षेत्र में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, बक्सर श्रीमती निहारिका छवि, कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. देवकरन तथा प्रगतिशील महिला कृषकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. देवकरन ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए रबी मौसम की तैयारियों के संबंध में किसानों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग करने की अपील की। साथ ही मसूर की पूसा अगेती, आईपीएल 220 एवं मालवीय मसूर 57, चना की स्वर्ण लक्ष्मी, जीएनजी 2299 एवं जीएनजी 2207, मटर की एचएफपी-4, आईपीएफडी-19-3 एवं आईपीएफडी-18-3 तथा सरसों की आरएच-725, आरएच-768 एवं पीएम-30 जैसी उन्नत किस्मों की जानकारी दी। उन्होंने तीसी की सबौर तीसी-2 किस्म सहित विभिन्न रबी फसलों की वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों से भी किसानों को अवगत कराया।
उप विकास आयुक्त ने कृषि में रासायनिक उर्वरकों के अनावश्यक प्रयोग को कम करने तथा मृदा स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसानों को नई एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिमला मिर्च, बैंगन, मिर्च, फूलगोभी एवं पत्तागोभी सहित विभिन्न सब्जियों की उन्नत किस्मों के पौधे वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त अमरूद एवं लीची के स्वस्थ पौधे भी उपलब्ध कराए गए। पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रक्षेत्र की मेड़ पर आम की उन्नत किस्म ‘आम्रपाली’ का पौधरोपण किया गया।
उप निदेशक (उद्यान) श्रीमती किरण भारती ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, विशेषकर महिला किसानों के लिए उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने केला, अमरूद, आम एवं ड्रैगन फ्रूट की खेती के साथ-साथ फूलों की खेती की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डीडीएम, नाबार्ड, बक्सर श्री आनंद बर्धन ने महिला किसानों को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) एवं किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन, उनके महत्व तथा सामूहिक प्रयासों से कृषि गतिविधियों को सुदृढ़ करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने नाबार्ड की कृषि संबंधी वित्तीय योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।
तकनीकी सत्र में वैज्ञानिक खेती पर विशेष चर्चा
तकनीकी सत्र के दौरान विशेषज्ञ श्री हरिगोबिन्द ने प्राकृतिक खेती एवं फसलों के बीज उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. रामकेवल ने फसलों में लगने वाले रोगों एवं कीट-व्याधियों की पहचान, उनके समुचित प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूल खेती के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके उपरांत प्रतिभागियों को कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। इस दौरान प्रक्षेत्र प्रबंधक श्री आरीफ प्रवेज ने विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों का अवलोकन कराते हुए उनकी तकनीकी विशेषताओं एवं उपयोगिता की जानकारी दी।
गोष्ठी में प्रगतिशील महिला कृषक श्रीमती भगवती देवी, सोनम कुमारी, तेतरी देवी, सविता देवी, तिजिया देवी, कबुतरी देवी, आशा देवी एवं संतोषी देवी सहित कुल 75 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में केन्द्र के श्री रवि चटर्जी, राकेश मणि, राजेश कुमार राय, सरफराज अहमद खान, मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, उन्नत फसल किस्मों, प्राकृतिक खेती, बागवानी एवं समूह आधारित कृषि गतिविधियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया, ताकि वे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अपनी आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर सकें।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #CMOBihar #bihar
15 views | Buxar, Bihar | Oct 16, 2026