समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 16 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित, लक्ष्य प्राप्ति के लिए घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
आज 16 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में योजना के अंतर्गत आवेदन प्राप्त करने, आम नागरिकों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक घरों में सोलर संयंत्र स्थापित कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर सहित सभी सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने योजना के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विद्युत पदाधिकारियों को सक्रिय एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।
योजना से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने एवं आम नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9262398381 जारी किया गया है। इच्छुक नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कम आवेदन प्राप्त होने पर स्पष्टीकरण का निर्देश
समीक्षा के क्रम में जिन कनीय विद्युत अभियंताओं के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 20 प्रतिशत से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवेदन की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
पूजा पंडालों में लगाए जाएंगे जागरूकता एवं आवेदन शिविर
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर ने जानकारी दी कि बक्सर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं आवेदन प्राप्त करने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आवेदन की प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी।
घर-घर पहुंचाएं योजना की जानकारी, बैंकों से करें समन्वय
जिला पदाधिकारी ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करें। साथ ही, शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने तथा सोलर संयंत्र अधिष्ठापन की प्रक्रिया को गति देने के लिए संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करें।
जिला पदाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक जन-जागरूकता एवं निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police Energy Department जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #CMOBihar #bihar #samratchoudhary
Buxar, Bihar | Oct 16, 2026