मछरिया में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्था सृजन समाज विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत बढ़ार के पोषक ग्राम मछरिया में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा के संबंध में जनजागरूकता बैठक भी हुई।
जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं पावन जयंती वर्ष 2026 के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ 20 अगस्त से मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है। अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता, समानता, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। वे हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ पर्यावरण को स्वच्छ रखने और वर्षा चक्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम समन्वयक श्री जितेन्द्र लारेश्वर ने उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री सुदर्शन कुरवेती, श्री महेंद्र नेटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla