आंगनवाड़ी केंद्रों को जन-समुदाय से जोड़कर जीवंत बनाएं,
कमियों में तुरंत सुधार करें - सीईओ जिला पंचायत श्री मीना
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जिला स्तरीय सह कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक संपन्न
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बुधवार को जिला स्तरीय सह कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत मीना के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों एवं कार्यकर्ताओं का सकारात्मक उन्नयन करना तथा विभागीय सेवाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाकर योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाना रहा।
जिला पंचायत सीईओ श्री मीना ने समस्त परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को मैदानी स्तर पर नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमिश्नर महोदय के निरीक्षण में सामने आई कमियों में तत्काल सुधारात्मक बदलाव लाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी आंगनवाड़ी केंद्र में लापरवाही न हो। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल शासकीय भवन न मानकर जन-समुदाय से जोड़ते हुए अधिक जीवंत बनाया जाए। उन्होंने सही एवं सटीक सर्वे के आधार पर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक विभाग की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसमें बच्चों के लिए नाश्ता-भोजन, ईसीसीई, नियमित वजन, गर्भवती महिलाओं का समयबद्ध पंजीयन एवं गुणवत्तापूर्ण एएनसी जांच शामिल है।
बैठक में कुपोषित बच्चों सैम, मैम, एसयूडब्लयू का त्वरित चिन्हांकन, सघन फॉलो-अप, सेम-मेम प्रबंधन एवं हाई रिस्क एनीमिक महिलाओं के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रों को सुसज्जित करने, पोषण वाटिका विकसित करने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने हेतु प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल, श्रीमती लीना चौधरी, समस्त परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Mandla, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026