ओंकारेश्वर के नर्मदा घाट पर एसडीईआरएफ जवानों ने किया सफल रेस्क्यू
---
सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ जवानों को घाटों पर व्यापक सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्था के लिए तैनात किया था। सोमवार को ब्रह्मपुरी घाट पर एसडीईआरएफ जवानों ने त्वरित साहसिक कार्रवाई करते हुए तीन श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया जिससे संभावित हादसा टल गया।
डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट होमगार्ड श्री आशीष कुशवाह ने बताया कि सोमवार को बिहार के छपरा निवासी श्रद्धालु क्रिस पिता अशोक शर्मा उम्र 22 वर्ष एवं महाराष्ट्र के आनंद पिता अशोक हलवाई स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षा सीमा से आगे गहरे पानी की ओर चले गए। घाट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा बार-बार सावधान किए जाने के बावजूद दोनों युवक गहराई में पहुंच गए तथा डूबने की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घाट पर तैनात एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर लाइफ बॉय की सहायता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस बचाव कार्य में एसडीईआरएफ सैनिक राकेश पटेल की भी महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही।
इसके अलावा ब्रह्मपुरी घाट पर ही धार जिले के कृतिक पिता कमल पाटीदार, उम्र 15 वर्ष अपने साथियों के साथ स्नान करते समय सुरक्षा रेलिंग के बाहर जाने का प्रयास करते हुए गहरे पानी में फंस गया तथा डूबने लगा। स्थिति को भांपते हुए एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी एवं राकेश पटेल ने तत्काल सुरक्षा नाव के माध्यम से घटनास्थल पर पहुंचकर नाविक अरुण वर्मा के सहयोग से किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिला कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ, खंडवा श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने एसडीईआरएफ जवान हरिराम सोलंकी, राकेश पटेल एवं नाविक अरुण वर्मा द्वारा प्रदर्शित साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्वरित बचाव कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने बताया कि इन जवानों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
SP Khandwa
#khandwa
15 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026