देव का सूर्य मंदिर सिर्फ आस्था का नहीं, विज्ञान और ऊर्जा का भी केंद्र है : ओडिशा डीजीपी की पत्नी ममता मिश्रा
देव कार्तिक छठ मेला-2026 के पावन अवसर पर ओडिशा के डीजीपी विनयतोष मिश्रा की पत्नी श्रीमती ममता मिश्रा अपने परिवार के साथ छठ महापर्व करने देव पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने देव स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बात की।उन्होंने कहा कि कुछ चीजों को शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है। देव से उनका जुड़ाव बहुत पुराना है।
श्रीमती ममता मिश्रा ने कहा - इस जगह से मैं पहली बार नहीं आई हूँ। इस जगह से मैं बहुत पुराने समय से जुड़ी हूँ। मेरे पिता श्री विद्यानंद झा, जो जॉइंट सेक्रेटरी से रिटायर्ड हुए, उनकी पोस्टिंग यहाँ थी। उस समय मैं बहुत छोटी थी, लेकिन मेरी दादी ने पाँच साल यहाँ देव मंदिर के देवकुंड पर छठ व्रत किया। उसके बाद से ये कनेक्टिविटी बनी रही।
उन्होंने कहा कि उनके पिता रिटायरमेंट के बाद भाषा विशेषज्ञ के रूप में संस्कृति मंत्रालय और एचआरडी दोनों में रहे। उस दौरान उन्होंने गायत्री पर एक पुस्तक लिखी थी। उसमें सूर्य की उपासना और गायत्री जप को जोड़ा गया था। पिता बताया करते थे कि देव में जो चार दिन सूर्य नारायण की उपस्थिति होती है, उस समय जो हम पूजा करते हैं, उसका दृष्टिकोण सिर्फ अध्यात्म से नहीं जोड़ सकते हैं। इसका बहुत ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण है।
उन्होंने कहा - हम बचपन से भूगोल में अक्षांश, देशांतर पढ़ते हैं। सूर्य की उपस्थिति के हिसाब से ही उनकी किरणों का प्रभाव हमारे शरीर पर पड़ता है। नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और सुबह के अर्घ्य, इन चारों दिनों में सूर्य अपनी मैक्सिमम एनर्जी के साथ यहाँ उपस्थित होते हैं।
उन्होंने कहा कि हम बिहारी हैं, तो बोलते हैं हम बिहारी सबसे भारी। सबसे खुशी की बात है कि बिहार या भारत के मानचित्र पर नहीं, बल्कि विश्व के भूभाग पर देव का एक स्थान है, लोग समझने लगे हैं।
ओडिशा के कोणार्क से तुलना करते हुए उन्होंने कहा - उड़ीसा का कोणार्क है, वैसे हमारा देव का सूर्य मंदिर है। कोणार्क का अपना महत्व है, लेकिन अध्यात्म की दृष्टि से देखें तो देव एक ऐसी जगह है, जहाँ सूर्य की विधिवत पूजा होती है। कोणार्क में सूर्य का वैज्ञानिक दृष्टिकोण है, आध्यात्मिक दृष्टिकोण है, लेकिन पूजा के लिए हमें पूरी जाना पड़ता है। वहाँ शैलचित्र कोणार्क के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन देव के सूर्य मंदिर का अपना एक अनोखा महत्व है। इसका मेडिकल इंपैक्ट, मेडिसिनल इंपैक्ट सबसे ज्यादा देव में है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे विश्व में इसकी चर्चा होगी और बिहार का देव, बिहार का गौरव अपने आप में एक स्थान बनाएगा। ये जगह ओडिशा से भी जुड़ी है, पुरी जगन्नाथ से भी जुड़ी है। सनातन धर्म ने पूरे भारत को एक तार में जोड़ रखा है। आध्यात्मिक दृष्टिकोण से तो है ही, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी इसकी पुष्टि यहाँ होती है। ये हमारे युवा वर्ग के लिए भी एक एनर्जी का सेंटर है।
जिला प्रशासन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ स्वास्थ्य शिविर, टेंट सिटी और साफ-सफाई की व्यवस्था बहुत अच्छी है। ओडिशा से भी बहुत से लोग आए हैं। प्रशासन की भूमिका यहाँ बहुत अच्छी है। उन्होंने कलेक्टर अभिलाषा शर्मा को भी बधाई दी और एसपी साहब की भी मेहनत की सराहना की। किसी भी सामूहिक कार्यक्रम में सबसे ज्यादा प्रशासन का महत्व होता है।
उन्होंने कहा - प्रशासन, मीडिया और यहाँ के जनमानस का सोच बहुत अच्छा है। देव में हमने हर एक लोगों में बहुत ही अच्छी अनुशासन देखा है। प्रशासन तो अपना काम कर रही है, लेकिन पब्लिक में भी प्रशासन के प्रति रिस्पेक्ट है। प्रशासन ने अपनी मेहनत से इस विश्वास को जीता है। मैं व्यक्तिगत रूप से प्रशासन को बहुत-बहुत बधाई देना चाहूँगी। हम भगवान आदित्य नारायण से आशीर्वाद चाहेंगे कि हमें छठ पूजा में आने का बार-बार मौका मिले।