शेरघाटी के घाटों पर दिखी आस्था की अद्भुत तस्वीर,छठ गीतों से गूंजा अनुमंडल क्षेत्र
शेरघाटी (गयाजी):- संध्या अर्घ्य के दिन शेरघाटी के छठ घाटों पर आस्था की अद्भुत तस्वीर देखने को मिली। दोपहर बाद से ही व्रती अपने परिवार के साथ सूप-डाला, ठेकुआ, नारियल, केला और फलों से भरी टोकरी लेकर घाटों की ओर चल पड़े।
घाटों पर पहुंचते ही छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज शुरू हो गई। महिलाएं एक साथ मिलकर गीत गा रही थीं तो बच्चे भी उत्साह के साथ घाटों को सजा रहे थे। कई जगहों पर घरों से घाट तक जाने वाला रास्ता फूलों और रंगोली से सजाया गया था।
36 घंटे के निर्जला व्रत के बावजूद व्रतियों के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि श्रद्धा और संतोष साफ दिख रहा था। डूबते सूर्य को अर्घ्य देते समय हर कोई हाथ जोड़कर परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता नजर आया।
घाटों पर दूर से आए परिजनों का मिलन भी देखने को मिला। छठ के बहाने वर्षों बाद घर लौटे लोगों ने एक साथ घाट पर अर्घ्य देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। सोमवार सुबह के अर्घ्य के साथ ही यह महापर्व संपन्न होगा।