देव में छठ को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, देव मोड़ से सूर्य कुंड तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात - एसपी उपेन्द्र नाथ शर्मा
देव में कार्तिक छठ के प्रथम अर्घ्य को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छठ को लेकर सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है।एसपी उपेन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि आप लोग देख रहे होंगे कि देव मोड़ से लेकर यहां तक लगातार हर जगह पर जो भी प्वाइंट है, वहां पर मजिस्ट्रेट, पुलिस फोर्स और पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं।
ट्रैफिक, चेक पोस्ट और पार्किंग की व्यवस्था
एसपी ने कहा कि ट्रैफिक संचालन के लिए कई जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं और ड्रॉप गेट भी बनाया गया है। साथ ही पार्किंग स्थल भी बनाया गया है, ताकि गाड़ियों के परिचालन में कोई दिक्कत न हो और छठ व्रतियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सादे और वर्दी में भी तैनात हैं जवान
उन्होंने कहा कि किसी भी तरीके की स्थिति से निपटने के लिए मंदिर परिसर हो या सूर्य कुंड परिसर, दोनों जगहों पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सादे वेश में भी और वर्दी में भी जवान तैनात हैं।
एसपी उपेन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि किसी भी छठ व्रती और उनके परिजनों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। और अगर ऐसा सामना करना भी पड़ता है तो उनको तत्काल मदद मिलेगी।