"सुरक्षित बचपन अभियान" अंतर्गत बच्चों द्वारा निर्मित दीपक और दीपावली की सजावट सामग्री की प्रदर्शनी लगी ,न्यायाधीश, अधिवक्ता और कर्मचारियो ने की खरीदारी
---
दीपावली का पर्व खुशियों और रोशनी का प्रतीक है। इसी भावना को साकार करते हुए जिला न्यायालय खंडवा में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु एक सराहनीय पहल की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर में स्थित विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा कार्यालय में बाल देखरेख संस्थाओं एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई दीपावली की सजावटी सामग्री की प्रदर्शनी सह विक्रय का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में सी डब्लू एस एन छात्रावास के छात्रगण, बाल संप्रेषण गृह के बच्चे तथा शासकीय हाई स्कूल माथनी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बच्चों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक दीपक, दीपावली की सजावटी वस्तुएं एवं विभिन्न हस्तनिर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि जिला न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारियो ने इस अवसर पर उपस्थित होकर बच्चों द्वारा निर्मित सामग्री का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की और बच्चों द्वारा तैयार सामग्री की खरीदारी भी की।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनिल चौधरी, जिला न्यायाधीश श्री अरविंद सिंह टेकाम, श्री वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय सहित समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, अधिवक्ता न्यायालयीन कर्मचारीगण तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स भी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#khandwa
Khandwa, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026