जैसलमेर में भीलवाड़ा की नन्हीं राधे ने बिखेरा हुनर का जलवा, GMF ने नटराज सम्मान से नवाजा
हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुति से जीता दर्शकों का दिल, पद्मश्री सम्मानित उस्ताद अनवर खान मांगणियार सहित कई दिग्गज हस्तियों की रही मौजूदगी
भीलवाड़ा: धीरज कुमार शर्मा जैसलमेर की ऐतिहासिक धरती पर भीलवाड़ा की नन्हीं प्रतिभा हार्वी शर्मा (राधे) ने अपनी शानदार हरियाणवी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। राधे ने अपनी आकर्षक अदाओं, लय और शानदार नृत्य कौशल से कार्यक्रम में मौजूद लोगों की खूब सराहना हासिल की। इस अवसर पर Green Maple Foundation (GMF) की ओर से राधे को नटराज सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में GMF के एमडी आशुतोष, पद्मश्री सम्मानित उस्ताद अनवर खान मांगणियार, उप सचिव एवं IAS अधिकारी, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित उस्ताद गफूर खान, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित उस्ताद समंदर खान तथा मर्मज्ञ अमरदान चारण सहित संगीत नाटक अकादमी से जुड़े कई कलाकार एवं अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
इन प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी में राधे को सम्मान मिलना उसके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। राधे इससे पहले भी विभिन्न गणपति महोत्सव और नवरात्रि महोत्सव के मंचों पर राजस्थानी एवं हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं।
जैसलमेर में मिला यह सम्मान उसकी सांस्कृतिक यात्रा में एक और उपलब्धि बन गया है। राधे की इस सफलता के पीछे उसके निरंतर अभ्यास, परिवार के प्रोत्साहन और नृत्य प्रशिक्षण का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उसकी डांस प्रशिक्षिका किशोरी सेन ने उसे नृत्य की बारीकियां सिखाने और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। राधे के माता-पिता लकी शर्मा एवं प्रीति शर्मा तथा दादा-दादी उदय शर्मा एवं सुमन देवी को बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व है। परिवारजनों और शुभचिंतकों ने राधे को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छोटी उम्र में अपनी कला के दम पर विभिन्न मंचों पर पहचान बना रही राधे की इस उपलब्धि से भीलवाड़ा का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।