वाहन चैकिंग में 77 से अधिक यात्री एवं स्कूल बसों की जांच, 32,500 रुपये का राजस्व वसूला
परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश ग्वालियर के निर्देशों एवं कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशों के पालन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री पी एस भिलाला के द्वारा जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में 10 सितम्बर को अम्बाह रोड मुरैना पर यात्री बस, स्कूल बस एवं ई-रिक्शा वाहनों का चैकिंग पॉइंट लगाकर सघन जांच की गई।
चैकिंग कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री भिलाला, परिवहन उपनिरीक्षक श्री अभिषेक शर्मा सहित परिवहन विभाग के अमले द्वारा की गई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा स्वयं वाहनों के वैध दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई।
चैकिंग के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधाओं की भी जांच की गई तथा वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश दी गई। कार्रवाई के दौरान 42 से अधिक स्कूल बसों एवं 35 से अधिक यात्री बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान 35 यात्री वाहनों में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीट के स्टीकर मौके पर ही लगवाए गए। मोटरयान नियमों के विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 32,500 रुपये का राजस्व वसूल किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन संचालकों एवं चालकों से अपील की गई है कि वे वाहनों के समस्त आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा उपकरण अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026