बानमोर में चार दिन से बिजली गुल, कॉलोनीवासियों ने घेरा बिजली घर
मुरैना विधानसभा क्षेत्र के बानमोर कस्बे की एक आवासीय कॉलोनी में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से रहवासियों में आक्रोश है। बिजली समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने युवा नेता करन मदनपुरिया के नेतृत्व में बानमोर बिजली घर का घेराव कर विरोध जताया।
इस दौरान कांग्रेस नेता रामचित्र सिंह महाना भी मौके पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों की समस्या सुनी। रहवासियों ने लगातार चार दिनों से बिजली नहीं आने के कारण हो रही परेशानियों से नेताओं और बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बिजली गुल रहने से घरों में पानी की समस्या के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक कामकाज में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
विरोध के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की गई। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।