बारिश के बाद मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
डेंगू, मलेरिया एवं चिकुनगुनिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ गई है। बारिश के बाद डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिला मलेरिया विभाग ने नागरिकों से कहा है कि घर एवं आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय ने आमजन से अपील की है कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते पड़ना, नाक या मसूड़ों से खून आना जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य बुखार समझकर अनदेखा न करें। ऐसे लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर जांच कराएं तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार मिलने से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
सहायक जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. महेन्द्र यादव ने बताया कि बारिश के बाद घरों में रखे गमलों, कूलर, पानी की टंकियों, पुराने बर्तनों, टायर, फ्रिज के पीछे रखे टब तथा पक्षियों के पानी पीने के सकोरों आदि में पानी जमा हो जाता है। इन स्थानों की नियमित सफाई करना आवश्यक है। कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें तथा पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें। मलेरिया विभाग की टीम द्वारा मुरैना शहर के विभिन्न वार्डों में डेंगू, चिकुनगुनिया एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए लार्वा सर्वे, लार्वा विनष्टीकरण तथा बी.टी.आई. 5 प्रतिशत एवं टेमीफोस दवा के छिड़काव की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही जनसमुदाय को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मच्छरों से बचाव के लिए फुल बाजू के कपड़े पहनें, घरों की खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगाएं तथा आवश्यकता अनुसार मच्छररोधी साधनों का उपयोग करें। घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कहीं भी पानी जमा न होने दें। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh