मनसाडीह यात्री शेड पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने सीओ से लगाई गुहार
राजधनवार-सरिया मुख्य मार्ग स्थित मनसाडीह चौक के सार्वजनिक यात्री शेड पर वर्षों से अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने राजधनवार अंचल अधिकारी को आवेदन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर यात्री शेड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यात्री शेड आम राहगीरों और यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया है, लेकिन अतिक्रमण के कारण इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। बस व अन्य यात्री वाहनों का इंतजार करने वाले लोगों को मजबूरन सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है। धूप और बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिससे सड़क किनारे खड़े यात्रियों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सीओ से स्थल निरीक्षण कर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई करने और यात्री शेड को आम लोगों के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।