Bihar news : थाना परिसर में भोजपुरी गाने पर पुलिसकर्मियों के डांस का वीडियो वायरल। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना परिसर में दिवाली की रात भोजपुरी गाने पर पुलिसकर्मियों के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और अन्य लोग चर्चित भोजपुरी गाने ‘कमरिया करे लपालप’ पर थिरकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।बताया जा रहा है कि दिवाली के जश्न के दौरान थाना परिसर में डीजे की व्यवस्था की गई थी। वायरल वीडियो में एएसआई अजीत कुमार, थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार की पत्नी रंजीता कुमारी, महिला सिपाही सह थाना मैनेजर सहित करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के डांस करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की तारीख और इसकी वास्तविकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।इस मामले में बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी कि वीडियो कब और कहां का है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से सार्वजनिक स्थानों और पुलिस परिसरों में अश्लील एवं द्विअर्थी भोजपुरी गाने बजाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में थाना परिसर से जुड़ा यह वीडियो पुलिस की कार्यशैली और विभागीय अनुशासन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है। #WestChamparan #Bagaha #ChautarwaPoliceStation #BiharPolice #ViralVideo #BiharNews #PoliceNews