जालोर में सभापति की दौड़ में 7 दावेदार : भाजपा से 3 और कांग्रेस से 4 नाम आगे, माली समाज का भी दोनों दलों पर दबाव।
जालोर नगर परिषद चुनाव के नतीजे आने के बाद अब बोर्ड गठन और सभापति पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
परिषद में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से सभापति की कुर्सी का फैसला सात निर्दलीय पार्षदों के रुख पर निर्भर हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीयों को अपने पाले में लाने के लिए सियासी समीकरण साधने में जुट गए हैं। सभापति पद की दौड़ में भाजपा के तीन और कांग्रेस के चार पार्षदों के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। भाजपा से वार्ड-4 के नितिन सोलंकी, वार्ड-33 के जयसिंह और वार्ड-34 के श्रीकांत भूतड़ा दावेदार माने जा रहे हैं। कांग्रेस से वार्ड-20 के तरुण सोलंकी, वार्ड-32 की शोभा सुन्देशा, वार्ड-10 के सैय्यद मुमताज अली और वार्ड-25 के बंशीलाल माली का नाम चर्चा में है। हालांकि भाजपा से नितिन सोलंकी और कांग्रेस से तरुण सोलंकी को प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि नगर परिषद में माली समाज के 14 पार्षद निर्वाचित होकर आए हैं। ऐसे में दोनों दलों में इस समाज से सभापति बनाने की मांग भी उठ रही है। दूसरी ओर भाजपा पार्षद जयसिंह भी सभापति पद के लिए अपनी दावेदारी जता रहे हैं। चर्चा है कि पार्टी की ओर से टिकट नहीं मिलने पर वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
Jalor, Jalor | Sep 15, 2026