पोखरी में आयोजित हुई विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी
‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर बाल वैज्ञानिकों ने किया प्रस्तुतीकरण
पोखरी, चमोली। विकासखंड पोखरी में बुधवार को ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार पोखरी में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष पोखरी सोहन लाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विज्ञान संगोष्ठी में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 8 से 10 तक के 39 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिकों ने पीपीटी स्लाइड के माध्यम से ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047’ विषय पर अपने विचार और प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किए। इससे पूर्व प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों की 10 अंकों की लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों में रुचि विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की रूपरेखा विज्ञान समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक संदीप नेगी ने रखी, जबकि जनपद समन्वयक गंभीर असवाल ने विज्ञान संगोष्ठी के उद्देश्य और विषय पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विगत वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली कुमारी रिद्धिमा और उनके मार्गदर्शक शिक्षक हर्षवर्धन चमोला को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक डा. सी. सती तथा निर्णायक अजयपाल रावत, पूनम रानी नेगी और अंजन नेगी ने बाल वैज्ञानिकों के प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संरक्षक एवं खंड शिक्षा अधिकारी कुमारी नेहा भट्ट ने चयनित बाल वैज्ञानिकों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी विज्ञान संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सह-समन्वयक सुरेंद्र राणा ने किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक एवं अन्य शिक्षक मौजूद रहे।