जमुई में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, नुमर में कार से 304 लीटर विदेशी शराब बरामद
जमुई। जिले में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने नुमर गांव से शराब लदी एक कार जब्त की है। वाहन की तलाशी में 34 पेटियों में रखी 768 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 304.560 लीटर है। कार्रवाई के दौरान चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि टीम ड्रोन की सहायता से छापेमारी अभियान चला रही थी। बाबा ढाबा के समीप मलयपुर स्टेशन की ओर से आ रही संदिग्ध कार टीम को देखकर तेज गति से भागने लगी। पीछा करने के दौरान नुमर गांव में कार का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद चालक फरार हो गया।
उत्पाद विभाग ने वाहन जब्त कर उत्पाद थाना लाया है। फरार तस्कर की पहचान की जा रही है। घटनास्थल से कुछ शराब लूटे जाने की सूचना की भी जांच की जा रही है।
Jamui, Jamui | Oct 31, 2026